हमेशा भाजपा के साथ ही रहेंगे और बिहार तथा देश का विकास करेंगे : नीतीश कुमार

पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि 2005 के बाद हमलोगों ने बिहार के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें याद रखिएगा। हमारा उद्देश्य है कि हर प्रकार से बिहार की तरक्की हो। अब बिहार का कोई भी इलाका विकास से अछूता नहीं है।

वे शुक्रवार को प्रगति यात्रा के क्रम में जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान समाहरणालय सभागार में बोल रहे थे। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति जानी। अधिकारियों से कहा कि जहां जो भी जरूरत है, उसको देखते हुए आगे की कार्रवाई करें।

हमेशा रहेंगे भाजपा के साथ: नीतीश

सीएम ने कहा कि अटलजी ने उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा के साथ शुरू से मिलकर काम करते रहे हैं। हमेशा भाजपा के साथ ही रहेंगे और बिहार तथा देश का विकास करेंगे। उन्होंने 2005 के पहले का समय भी याद दिलाया।

नीतीश ने कहा कि शाम के समय लोग घर से निकलने में डरते थे। हिंदू-मुस्लिम में झगड़े होते थे। उसे हमनें खत्म किया। अस्पतालों में इलाज का इंतजाम कराया। शिक्षा की हालत सुधारी। सड़कों का जाल बिछाया। बिहार में अब भय का माहौल नहीं है। शांति एवं भाईचारे का वातावरण है। शहर से लेकर गांव तक निर्बाध बिजली मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2006 से अबतक आठ हजार से अधिक कब्रिस्तानों की घेराबंदी की गई है। साथ ही 60 वर्ष से पुराने मंदिरों की चारदीवारी का निर्माण कराया। हमलोगों ने कोई काम नहीं छोड़ा है। केंद्र के सहयोग से कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि साइकिल योजना के तहत दी गई साइकिल से लड़कियां स्कूल तो जाती ही हैं, अपने माता-पिता को बिठाकर बाजार भी ले जाती हैं। यह दृश्य काफी अच्छा लगता है। बिहार के किसी भी कोने से पटना पहुंचने में छह घंटे लगते थे, अब उसे पांच घंटे किया गया है।

5400 बेड का बन रहा पीएमसीएच:

ADVERTISEMENT

शिक्षकों की नियुक्ति, पंचायती राज, पुलिस में महिलाओं की बहाली,अस्पताल में इलाज करानेवाले मरीजों की सुविधाएं व संख्या की चर्चा भी उन्होंने की। कहा कि पीएमसीएच को 5,400 बेड जबकि पांच मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 25 सौ बेड की क्षमता का बनाया जा रहा है। आईजीआईएमएस को भी तीन हजार की क्षमता का बनाया जा रहा है।

वर्ष 2020 में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी का लक्ष्य रखा गया था, उसे 12 लाख कर दिया गया है। अबतक नौ लाख को नौकरी दी जा चुकी है साथ ही 24 लाख को रोजगार मुहैया कराया गया है। जाति आधारित गणना के बाद गरीब परिवारों को प्रति परिवार दो लाख रुपये की सहायता लघु उद्यमी योजना के तहत दी जा रही है।

इससे पूर्व समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पटना जिले के विकास कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से लेकर पंचायत सरकार भवन तक की अद्यतन जानकारी दी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं।

‘घोषणाओं को कैबिनेट में मिलेगी मंजूरी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान जो भी घोषणाएं की गई हैं उन सबको मंत्रिपरिषद से स्वीकृति दी जाएगी। प्रगति यात्रा का कार्यक्रम बनाते समय जिलों के समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों को उनपर काम करने काे कहा। सभी पर काम हो रहा है। हमलोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया का बड़े पैमाने पर निर्माण कराया है। आरंभ से ही हम राज्य भर का दौरा करते रहे हैं।

बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, नितिन नवीन व विधायक, विधान पार्षद थे।

Related Posts

बिहार की शिक्षा का सूर्योदय हैं सरस्वती विद्या निकेतन : शिक्षा मंत्री

शिक्षक ही परिवर्तन के वाहक, अगले तीन माह में दिखना चाहिए बड़ा बदलाव पटना में 700 सरस्वती विद्या निकेतन के प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित पटना शिक्षा मंत्री श्री…

नुहरनी से रोबोटिक सर्जरी तक: मेरी आँखों के सामने बदली दुनिया

शिवानंद तिवारी कुछ दिन पहले एक खबर पढ़ी थी। एक डॉक्टर ने चीन में बैठकर हैदराबाद के किसी आदमी का ऑपरेशन कर दिया। आधुनिक तकनीक से रोबोट के जरिए तीन-चार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *