बापू सभागार में सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
पटना
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि बच्चे कड़ी मेहनत करें, राज्य सरकार आपके साथ खड़ी है। सरकार हर जरूरी सुविधा और आगे बढ़ने का अवसर देगी। वे शनिवार को बापू सभागार में राज्यस्तरीय सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं और जो सपने बच गए हैं उन्हें बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का सबसे अधिक फोकस शिक्षा पर है। वे चाहते हैं कि बिहार शिक्षा में देश की अग्रणी पंक्ति में खड़ा हो।
तिवारी ने कहा कि बिहार आकांक्षी राज्य है। केंद्र का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहा तो हर क्षेत्र में बेहतर करेंगे। केंद्र ने जो विश्वास जताया है, राज्य सरकार उस पर खरा उतरेगी।
मॉडल स्कूल का केसरिया रंग शिक्षा के सूर्योदय का प्रतीक
मंत्री ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित मॉडल स्कूलों का केसरिया रंग शिक्षा के सूर्योदय का प्रतीक है। इन आदर्श विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान का भी उल्लेख किया।

सहभागिता में बिहार देश में अव्वल
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प के तहत आयोजित सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता के मामले में बिहार पूरे देश में अव्वल रहा है। यह बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को दर्शाता है।
समारोह में प्रतियोगिता के टॉप तीन प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ और राष्ट्रगीत से शुरुआत हुई। राज्यव्यापी प्रतियोगिता पर आधारित लघु वृत्त चित्र का प्रदर्शन भी किया गया।
इस मौके पर शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला मौजूद रहे। समापन राज्यगीत से हुआ।






