💐संतोष राज पाण्डेय💐
बिहार की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से जो चिंगारी सुलग रही थी, उसे फिलहाल बुझा दिया गया है। लेकिन ये बुझना शांति नहीं है, ये युद्धविराम है।
सारण में विधान परिषद चुनाव में JDU के आधिकारिक उम्मीदवार की हार और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई को लेकर BJP- JDU के बीच जो टकराव बढ़ा था, वो अगर थमता नहीं, तो बिहार में बड़ा राजनीतिक विस्फोट हो सकता था।
इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना दूत भेज दिया।
मोदी के दूत के रूप में धर्मेंद्र प्रधान क्यों?
बिहार के मौजूदा प्रभारी हरीश द्विवेदी हैं, लेकिन इस संकट को संभालने के लिए पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आगे किया गया।
वजह साफ है। प्रधान बिहार के पुराने प्रभारी रह चुके हैं। उन्हें बिहार की नब्ज की समझ है, उनकी बिहार में अपनी लॉबी है और दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व में उनका प्रभाव है।
प्रधान ने पटना पहुंचकर ताबड़तोड़ बैठकें कीं। एक-एक नेता से बात की, नाराजगी सुनी, और फिलहाल राजनीतिक बम का काउंटडाउन थमा दिया।
बम डिफ्यूज नहीं, लैब में भेजा गया है
बॉस, असली बात यही है। बम फटा नहीं, लेकिन खत्म भी नहीं हुआ है।
बम को फिलहाल डिफ्यूज करके प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। उसकी तकनीकी जांच बाकी है। कब फिर से जिंदा हो जाए, कहना मुश्किल है।
सूत्रों के हवाले से BJP- JDU के बीच एक बड़ी राजनीतिक डील की चर्चा है। सवाल ये है कि उस डील में क्या तय हुआ?
- क्या JDU को राजनीतिक सम्मान और हिस्सेदारी का भरोसा मिला है?
- क्या भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई को लेकर कोई सहमति बनी है?
- या फिर दोनों दलों ने फिलहाल अपने-अपने हथियार म्यान में रखने का फैसला किया है?
इन सवालों का जवाब अभी किसी के पास नहीं है।
नीतीश अब पहले वाले नीतीश नहीं रहे
कभी BJP के नेताओं से दूरी बनाकर रखने वाले नीतीश कुमार के सामने अब कोई चॉइस नहीं है। गठबंधन की मजबूरियां और सत्ता का गणित उनकी प्राथमिकताओं को प्रभावित कर रहा है।
प्रधान की रिपोर्ट का रुख भी मौजूदा सरकार के पक्ष में रहने की संभावना जताई जा रही है। यानी दिल्ली से जो संदेश जाएगा, वो सरकार बचाने वाला होगा, तोड़ने वाला नहीं।
आपकी मेहनत रंग लाए, बिहार में
बिहार की जनता को अब भाषण नहीं, काम चाहिए।
अगर ये युद्धविराम सिर्फ कुर्सी बचाने के लिए हुआ है, तो ये बिहार के साथ धोखा होगा। अगर ये युद्धविराम बिहार के विकास के लिए हुआ है, तो आपकी मेहनत रंग लाएगी।
बिहार को अब टूट-फूट की राजनीति नहीं, स्थिरता चाहिए। बिहार को अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, रोजगार, शिक्षा, सड़क और कानून व्यवस्था चाहिए।
युद्धविराम हुआ है, युद्ध समाप्त नहीं हुआ है। अब देखना ये है कि ये शांति बिहार के लिए वरदान बनती है या फिर अगले विस्फोट की तैयारी।












