पटना
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने घोषणा की है कि राज्य में इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणी के 38733 पदों पर नियमित नियुक्तियां होंगी। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पूर्व से कार्यरत आशा एवं आशा फैसिलिटेटर के अलावा 27375 ग्रामीण और शहरी आशा का चयन भी होगा। इस प्रकार कुल 66108 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने घोषणा की है कि राज्य में इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणी के 38733 पदों पर नियमित नियुक्तियां होंगी। इन नियमित पदों के अलावा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत पूर्व से कार्यरत आशा एवं आशा फैसिलिटेटर के अलावा 27375 ग्रामीण और शहरी आशा का चयन भी होगा।
मंत्री गुरुवार को विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग के 20 हजार 35 करोड़ 80 लाख रुपये के बजट पर हुई चर्चा के बाद सरकार का पक्ष रख रहे थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बनेंगे 15 सौ नए अस्पताल
मंत्री ने सदन को बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग इस वर्ष कई कार्य करने जा रहा है। इसी कड़ी में सात जिलों अररिया, जहानाबाद, बांका, औरंगाबाद, कैमूर, खगडिय़ा और नवादा में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इसकी स्वीकृति दी जा चुकी है।
इसके बाद मेडिकल कॉलेजों की संख्या 34 हो जाएगी। ग्रामीण स्तर पर वर्ष 2025-26 में 15 सौ से अधिक नए अस्पताल खोले जाएंगे। पटना में सौ बेड का शिशु रोग अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।
बेगूसराय, नवादा में कैंसर अस्पताल की स्थापना
उन्होंने कहा कि बेगूसराय और नवादा में कैंसर अस्पताल की स्थापना भी होगी। जिसका प्रस्ताव स्वीकृत किया जा चुका है। साथ ही बिहार कैंसर एवं शोध सोसाइटी की स्थापना होगी। सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को निजी जन भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर स्थापित करने और संचालित करने के लिए नीति बनेगी। निजी क्षेत्र में मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की स्थापना को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
मंत्री पांडेय ने कहा कि इसके अलावा विभिन्न अस्पतालों में 20 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे अस्पतालों की मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
मंत्री मंगल पांडेय के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष के सदस्यों ने सदन का बहिष्कार कर दिया। बाद में सदन में ध्वनि मत से स्वास्थ्य विभाग का 20 हजार 35 करोड़ 80 लाख रुपये के बजट पारित कर दिया गया।
इन पदों पर होगी नियमित नियुक्तियां
सहायक प्राध्यापक – 1711
आयुष सहायक प्राध्यापक – 116
आइजीआइएमएस में सहायक निदेशक – 18
विशेषज्ञ डॉक्टर – 3623
सामान्य डॉक्टर – 667
दांत के डॉक्टर – 808
फार्मासिस्ट – 2473
परिधापक – 3326
प्रयोगशाला प्रावैधिकी – 2969
एक्स-रे टेक्नीशियन – 1232
ओटी असिसटेंट – 1683
ईसीजी टेक्नीशियन – 242
एएनएम – 10709
ए ग्रेड नर्स – 7903
नर्सिंग टयूट्र – 498
आशा के इन पदों पर होगा चयन
ग्रामीण आशा – 21009
आशा फैसिलिटेटर – 1050
शहरी आशा – 5316
एक नजर में-
नियमित पद – 38733
मानदेय पद – 27375
कुल पद – 66108













