एनडीए बिहार में चुनाव के लिए तैयार

पटना

लोकसभा चुनाव के वक्त से ही बिहार विधानसभा का चुनाव समय से पहले होने की संभावना जताई जाती रही है। पहले चर्चा हुई कि लोकसभा के साथ ही विधानसभा का चुनाव नीतीश कुमार कराना चाहते हैं। कहा गया कि इसी मकसद से उन्होंने महागठबंधन का साथ छोड़ा था। पर, भाजपा इसके लिए तैयार नहीं हुई। भाजपा समय से पहले चुनाव कराने के लिए जरूर राजी थी। लोकसभा के साथ चुनाव कराने में भाजपा ने मतदाताओं के सामने दुविधा उत्पन्न होने की बात कही थी।

लोकसभा चुनाव से ही चर्चा

लोकसभा का चुनाव बीतने के साथ ही इसके अनुमान लगाए जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है। बीच में हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव हुए, लेकिन बिहार की बात नहीं आई। फिर दिल्ली के साथ चुनाव कराने की चर्चा चली, पर तब भी बिहार की बारी नहीं आई। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में जीत के बाद भाजपा बिहार में चुनाव कराने के लिए तैयार हो गई है। इसके संकेत भी मिलने लगे हैं।

विजय चौधरी ने दिए संकेत

नीतीश मंत्रिमंडल के सीनियर लीडर विजय चौधरी ने कहा है कि एनडीए बिहार में चुनाव के लिए तैयार है। चुनाव समय से पहले भी हो सकता है। एनडीए ने जिस तरह अपनी तैयारी की है, उससे भी संकेत मिलता है कि चुनाव की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है। नीतीश कुमार ने महीने भर प्रगति यात्रा के क्रम में जिलों का दौरा किया है। नई-नई योजनाओं की उन्होंने हर जिले के लिए घोषणा की है। उन योजनाओं की कैबिनेट से मंजूरी भी मिल चुकी है। एनडीए में शामिल पार्टियों के प्रमुखों ने भी साझे दौरे जिलों के किए हैं। इससे संकेत मिलता है कि एनडीए ने चुनाव की जमीनी तैयारी पूरी कर ली है।

टिकट बंटवारे पर भी फैसला

भाजपा क प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने हाल ही में कहा था कि एनडीए में सीटों का बंटवारा हो चुका है। जेडीयू या एनडीए के किसी दल ने उनकी बात का खंडन नहीं किया। सिर्फ हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने 20 सीटों की मांग पर मुंह खोला था, लेकिन बाद में उन्होंने भी नरेंद्र मोदी के प्रति अपना कमिटमेंट दोहराते हुए एनडीए में ही बने रहने की बात कह दी। बताया जा रहा है कि भाजपा और जेडीयू बराबर सीटों पर लड़ेंगे। यह संख्या 100-100 हो सकती है। बाकी बची 43 सीटों में सहयोगी दलों को संतुष्ट किया जाएगा।

महागठबंधन भी है तैयार

विजय चौधरी के बयान के बाद महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव जब है, उन्हें कोई आपत्ति नहीं। महागठबंधन भी इसके लिए तैयार है। तेजस्वी भी लगातार बिहार के दौरे पर रहे हैं। उन्होंने महागठबंधन के संभावित चुनाव घोषणा पत्र की प्रमुख बातों को भी सार्वजनिक कर दिया है। मसलन माई-बहिन योजना के तहत महिलाओं को 2500 रुपए मासिक सम्मान राशि, 200 यूनिट तक फ्री बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 1000 रुपए करने की उन्होंने घोषणा की है।

Related Posts

15 साल का नाबालिग लड़का 40 साल की शादीशुदा महिला के साथ फरार

अनूप कुमार सिंह पटना सोशल मीडिया, जो कभी संवाद और रचनात्मकता का मंच माना जाता था, आज धीरे–धीरे कई परिवारों के लिए परेशानी का सबक बनता जा रहा है। बीते…

बिहार में भी गोवा,गुजरात,महाराष्ट्र की तरह जल परिवहन के जरिये माल ढ़ुलाई होगा : परिवहन मंत्री

संतोष राज पाण्डेय,पटना अब बिहार में भी गोवा,गुजरात,महाराष्ट्र की तरह जल परिवहन के जरिये माल ढ़ुलाई के लिए जल परिवहन को विकसित करने का काम किया जा रहा है. जिससे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *