पटना
शनिवार को पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस मनाया जा रहा है. इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुब्बारा उड़ाकर किया. बिहार दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के साथ अन्य मंत्रीगण भी मौजूद रहे. वहीं शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पुस्तक भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग गांधी मैदान पहुंचे हुए है. गांधी मैदान में विभिन्न विभागों की तरफ से स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है. वहीं 22 से 24 मार्च तक विभिन्न स्टॉल पर छात्र-छात्राओं की तरफ से बनाए गए मॉडल, चित्रकला प्रतियोगिता में पुरस्कृत चित्रों की प्रदर्शनी और शिक्षकों के निर्मित शिक्षण लर्निंग सामग्री मिल रही है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग 15 मुफ्त हेल्थ स्टॉल लगाया हुआ है.
इन विभागों ने लगाया विशेष स्टॉल
बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए महाबोधि मंदिर, नालंदा विश्वविद्यालय, विश्व शांति स्तूप, तख्त श्रीहरिमंदिर पटना साहिब जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की थ्री-डी प्रतिकृतियां बनाई गयी. इसका वर्चुअल माध्यम से लोग आनंद ले रहे है. इस आयोजन में हथकरघा, हस्तशिल्प, चमड़ा, जूट और लाह उद्योगों से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी लगी है. इसके साथ ही कला, संस्कृति एवं युवा विभाग गांधी मैदान में एक विशेष स्टॉल लगाया गया है, जहां विभाग की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है.

लोगों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी
बिहार दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पटना के गांधी मैदान में विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. गांधी मैदान में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग विशेष स्टॉल लगाया हुआ है, जहां विभाग की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है. समारोह में आने वालों के लिए सेल्फी पॉइंट की भी व्यवस्था की गई है.

बिहार दिवस 2025 को लेकर पटना के गांधी मैदान में परिवहन विभाग द्वारा उन्नत बिहार विकसित बिहार के थीम पर प्रदर्शनी लगाई गई है. परिवहन विभाग मंत्री शीला कुमारी ने इसका उद्धाटन किया. उन्होंने सभी स्टॉल का निरीक्षण करने के बाद इसकी प्रशंसा की.

सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें
परिवहन विभाग मंत्री शीला कुमार ने पवेलियन निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा का संकल्प लिया एवं अन्य लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार दिवस पर परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं विभाग की जनहितकारी योजनाओं , इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी कार, ऑटो, बाइक की प्रदर्शनी लगाई गई है. उन्होंने सभी लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की.
अपार्टमेंट में लगवाए चार्जिंग स्टेशन राज सरकार देगी अनुदान
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि अपार्टमेंट परिसर या अन्य निजी क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन लगाना चाहते हैं तो परिवहन विभाग के स्टॉल पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं . चार्जिंग स्टेशन लगाने पर राज्य सरकार द्वारा अनुदान दिया जा रहा है.
हस्ताक्षर अभियान
परिवहन सचिव संजय कुमार ने बताया कि बिहार दिवस के मौके पर परिवहन विभाग के पवेलियन में हस्ताक्षर अभियान द्वारा सड़क सुरक्षा का संकल्प दिलाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि आइये इस बिहार दिवस के अवसर पर अपने लिए तथा अपनो के लिए एक संकल्प लें.
इलेक्ट्रिक वाहनों की प्रदर्शनी
पवेलियन में इलेक्ट्रिक वाहनों की नवीनतम टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित किया गया है. इसमें इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर, टू-व्हीलर और सीएनजी वाहनों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
इलेक्ट्रिक वाहन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू
- इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन: सरकार द्वारा चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है.
- सब्सिडी योजना: ई-वाहन खरीदने पर राज्य सरकार की ओर से विशेष छूट दी जा रही है.
- ईको-फ्रेंडली परिवहन को बढ़ावा: सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को सार्वजनिक परिवहन में शामिल किया जा रहा है.
सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
पवेलियन में सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं.
- सड़क सुरक्षा सिम्युलेटर: आगंतुकों को वर्चुअल ड्राइविंग सिम्युलेटर के माध्यम से सुरक्षित वाहन चालन का अनुभव कराया गया.
- ऑगमेंटेड और वर्चुअल रियलिटी: एआर और वीआर तकनीक के जरिए सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और बचाव के तरीकों को समझाने की व्यवस्था की गई.
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण
- सड़क सुरक्षा पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता: स्कूली बच्चों ने रचनात्मक चित्रकारी और प्रभावशाली स्लोगन के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
- सुपरहिट हीरो प्रतियोगिता: सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया।
निःशुल्क सेवाएं और ऑन-द-स्पॉट सुविधाएं
- निःशुल्क नेत्र जांच: वाहन चालकों के लिए पवेलियन में निशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई.
- स्टूडेंट पास सुविधा: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा स्टूडेंट पास बनवाने के लिए ऑन-द-स्पॉट सुविधा दी गई, जिससे छात्र रियायती दरों पर यात्रा कर सकेंगे.
- *QR कोड स्कैन कर ऑन स्पॉट निःशुल्क डीएल और आरसी में मोबाइल नम्बर अपडेट करें.
पवेलियन में QR कोड स्कैन कर ऑन स्पॉट डीएल और आरसी में अपना मोबाइल नम्बर अपडेट करें।
बच्चों के लिए ट्रैफिक पार्क और पपेट शो
बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों को रोचक और प्रभावी तरीके से सिखाने के लिए ट्रैफिक पार्क का निर्माण किया गया है. यहाँ बच्चे ट्रैफिक सिग्नल, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, और सड़क सुरक्षा नियमों को व्यवहारिक रूप से सीख रहे हैं.
इसके अतिरिक्त, पपेट शो के माध्यम से बच्चों और बड़ों को सड़क सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं.














