मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला के सरायरंजन प्रखंड में 522 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

पटना, 15 जुलाई 2025

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समस्तीपुर जिला के सरायरंजन प्रखंड में 522.77 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सरायरंजन प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत मणिका स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय से 200.67 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन योजनाओं से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया। इनमें 62.25 करोड़ रुपए की लागत से शिवाजीनगर प्रखंड में करेह नदी के शंकरपुर घाट पर 12×27.800 मी० का उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल एवं पहुँच पथ का निर्माण कार्य, 42.308 करोड़ रुपए की लागत से मणिका (एस०एच०-88) से विक्रमपुर (एन०एच०-322) तक बाईपास पथ का निर्माण कार्य एवं 96.11 करोड़ रुपए की लागत से रोसड़ा-शिवाजीनगर-बरियाही घाट-बहेड़ी पथ का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री संदीप पुदुकलकट्टी ने साइट प्लान के माध्यम से शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर जिला के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत मुसापुर ग्राम पंचायत स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से बलान एवं जमुआरी नदी के गाद उड़ाही कार्य के शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया, इसकी कुल लागत राशि 322.10 करोड़ रुपया है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल ने मुख्यमंत्री को साइट प्लान के माध्यम से बलान एवं जमुआरी नदी के गाद उड़ाही कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आज शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं का काम निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ठीक ढंग से पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। हमलोग प्रारम्भ से ही हर क्षेत्र में विकास का काम कराते रहे हैं। सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, अस्पताल से लेकर हर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से लोगों तक पहुंचे, इसके लिए हमलोग निरंतर लगे रहते हैं। बलान और जमुआरी नदी के गाद की उड़ाही हो जाने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के प्रथम चरण में 13 जनवरी 2025 को समस्तीपुर जिला में भ्रमण के दौरान आज शिलान्यास किए गए विकास योजनाओं की घोषणा की थी। इनमें बलान एवं जमुआरी नदी के गाद उड़ाही कार्य के अंतर्गत बलान नदी के कि०मी० 0.00 (समस्तीपुर जिलान्तर्गत मुसापुर ग्राम के नजदीक) से कि०मी० 78.70 (बेगूसराय जिलान्तर्गत नउला ग्राम के निकट भीठ स्लूईस) तक नदी के तल सफाई कार्य के साथ जमुआरी नदी के कि०मी० 0.00 मुजफ्फरपुर जिलान्तर्गत हरसिंगपुर ग्राम के समीप (ढोली स्लूईस) से कि०मी० 54.06 तक (ग्राम मुसापुर) समस्तीपुर जिलान्तर्गत नदी के तल में जमे गाद की सफाई, दो अदद् चेक डैम एवं विभिन्न बिन्दुओं पर 33 द्विपथीय सेतु का निर्माण कार्य रू0 322.10 करोड़ की लागत से प्रारम्भ की जा रही है। इस योजना के कार्यान्वयन से बलान एवं जमुआरी नदी में ग्रीष्मकाल में भी पर्याप्त पानी का जलस्तर बना रहेगा जिससे नदी के दोनों तरफ बसे हुए गाँव में भूमिगत जल की समस्या का समाधान होगा। साथ ही साथ बाढ़ की अवधि में नदी के दोनों तरफ बसे हुए इलाको में पानी का अनावश्यक फैलाव तथा जल जमाव के समस्या का समाधान भी होगा जिससे ग्रामीण जनता को इसका समुचित लाभ मिलेगा।

योजना के कार्यान्वयन से समस्तीपुर जिलान्तर्गत पुसा, ताजपुर, मोरवा, सरायरंजन, विद्यापति नगर एवं दलसिंहसराय प्रखंड, बेगुसराय जिलान्तर्गत तेघड़ा, मंसुरचक, वीरपुर एवं भगवानपुर प्रखंड तथा मुजफ्फरपुर जिलान्तर्गत मोरौल एवं सकरा प्रखंड के लोग लाभान्वित होंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सांसद श्रीमती शांभवी चौधरी, विधायक श्री राजेश कुमार सिंह, विधान पार्षद डॉ० तरुण कुमार, पूर्व मंत्री श्री वैधनाथ सहनी, पूर्व सांसद श्रीमती अश्वमेघ देवी, पूर्व विधायक श्री विद्यासागर निषाद, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री संदीप पुदुकलकट्टी, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री शीर्षत कपिल अशोक, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री कौशल किशोर, पुलिस उपमहानिरीक्षक दरभंगा प्रक्षेत्र श्रीमती स्वपना गौतम मेश्राम, समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा, समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts

मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्षों की महत्वपूर्ण विचार-विमर्श बैठक, धान अधिप्राप्ति की समस्याओं और किसान हितों पर गहन मंथन – सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय ने दिया भरोसा

मुजफ्फरपुर, 30 अक्टूबर 2026 | STAR INDIA NOW NEWS जय सहकारिता, जय किसान, जय बिहार के नारों के साथ आज मुजफ्फरपुर में पैक्स और व्यापार मंडल अध्यक्षों की एक बेहद…

अनंत सिंह को बाहर कर जदयू ने क्या खोया, क्या पाया?

संतोष राज पाण्डेय जनता दल यूनाइटेड ने आखिरकार वो फैसला ले ही लिया, जिसकी अटकलें पिछले कई हफ्तों से लग रही थीं। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *