गोपालगंज से दिल्ली तक नई ट्रेन और गोरखपुर-पटना वंदे भारत चलाने की मांग, ताप्ती गंगा के ठहराव सहित 6 बड़ी मांगें रखीं
नई दिल्ली / गोपालगंज, 16 सितंबर। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को नई दिल्ली के रेल भवन में भारत सरकार के रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक पॉइंट के शुभ उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री को आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने गोपालगंज और बैकुंठपुर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर 6 महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
मंत्री तिवारी ने प्रमुख रूप से गोपालगंज से दिल्ली सहित देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने, गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख होते हुए पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने और ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प, दिघवा दुबौली में आरओबी एवं आरयूबी निर्माण में तेजी लाने और थावे-पटना ट्रेन की समय-सारणी में परिवर्तन की मांग की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि रेल मंत्री ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि गोपालगंज और बैकुंठपुर में बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।







